चंडीगढ़। पंजाब में आने वाले दिनों के दौरान मौसम का मिजाज लगातार बदलता रह सकता है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार प्रदेश में तेज हवाएं, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 23 जून से मौसम के अधिक सक्रिय होने के संकेत हैं, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से पंजाब में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। यदि आगामी दिनों में अच्छी बारिश होती है तो तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिलेगी। हालांकि बारिश से पहले वातावरण में नमी बढ़ने के कारण उमस का स्तर और बढ़ सकता है।
सोमवार को जालंधर में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के मुकाबले लगभग 3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान सामान्य सीमा में रहने के बावजूद अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पंजाब के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति इससे भी अधिक रहने की संभावना है। विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
बठिंडा रहा सबसे गर्म शहर
राज्य के विभिन्न शहरों में दर्ज तापमान की बात करें तो सोमवार को बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा होशियारपुर में 35.4 डिग्री, अमृतसर में 34.9 डिग्री और लुधियाना में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कई क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।








