कमिश्नरेट पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों डौनी बल्ल और अर्श बग्गा गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी सिविल लाइन सरबजीत सिंह चीमा और थाना डिवीजन नंबर-5 के प्रभारी इंस्पेक्टर हमराज सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे गैंगस्टर डौनी बल्ल और अर्श बग्गा अपने गुर्गों के माध्यम से पंजाब समेत अन्य राज्यों में फिरौती, लूटपाट और अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के सदस्य सुखविंदर सिंह उर्फ नीला और राजवीर सिंह उर्फ राजी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी किसी कारोबारी पर हमले की योजना बना रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 16 जून को सुखविंदर सिंह उर्फ नीला को कॉलोनी नंबर-6 इलाके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान सुखविंदर सिंह से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी राजवीर सिंह उर्फ राजी को अयाली चौक के निकट से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों तथा संभावित आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।









