पंजाब के जालंधर शहर में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। संविधान चौक के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई और उसके बाद बीच सड़क पलट गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर कांच के टुकड़े बिखर गए। हादसे के दौरान पीछे से आ रही एक अन्य कार भी इसकी चपेट में आ गई। दुर्घटनाग्रस्त कार का नंबर PB 29 Q 0005 बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पी.सी.आर. टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक को नियंत्रित कर राहत कार्य शुरू किया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।








