पंजाब के अमृतसर जिले में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। थाना राजासांसी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी गुरसिमरन सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह घर में अकेली मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी गुरसिमरन सिंह जबरन घर के अंदर घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने पिस्तौल निकाल ली और उसे जान से मारने की धमकियां देने लगा।
आरोप है कि आरोपी युवती पर जबरन संबंध बनाने का दबाव भी डाल रहा था। घबराई युवती ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजासांसी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ अन्य सबूत भी जुटा रही है।








