पंजाब के तरनतारन जिले के गांव फतेहाबाद से सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल जा रहे 8वीं कक्षा के एक छात्र की गैस सिलेंडरों से भरी गाड़ी की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मृतक छात्र की पहचान धीरज तेजपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धीरज रोजाना की तरह सुबह स्कूल के लिए निकला था। स्कूल से कुछ ही दूरी पर अचानक गैस सिलेंडरों से भरी गाड़ी ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं, स्कूल प्रशासन और गांव के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के पिता निंदर सिंह और स्कूल प्रिंसिपल ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि धीरज पढ़ाई में बेहद होशियार और शांत स्वभाव का बच्चा था। उसकी असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट चुका है।
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव के लोगों ने प्रशासन से स्कूलों के आसपास भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।








