
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। अमृतसर का रहने वाला कथित ‘साइको किलर’ गुरप्रीत सिंह पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। आरोपी ने महज 26 घंटे के भीतर 3 लोगों की बेवजह गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिससे पंजाब से लेकर यूपी तक दहशत का माहौल बन गया था।
मृतक आरोपी की पहचान 45 वर्षीय गुरप्रीत सिंह निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पूर्व फौजी था और वर्ष 2021 में सेना से बर्खास्त कर दिया गया था।
चलती ट्रेन और अस्पताल में की ताबड़तोड़ हत्याएं
जानकारी के मुताबिक 10 मई को आरोपी ने एक पैसेंजर ट्रेन में 34 वर्षीय युवक की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद 10 और 11 मई की दरम्यानी रात करीब 2 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक अन्य यात्री को गोली मार दी।
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी यहीं नहीं रुका। 11 मई की सुबह उसने एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला को भी गोली मार दी। तीनों वारदातों में उसने बेहद करीब से कनपटी पर गोली मारी, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में लोगों ने दबोचा, पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
अस्पताल में गोलीबारी के बाद मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सेना से निकाले जाने के बाद वह बिहार में नौकरी करने गया था, लेकिन शराब की लत के कारण वहां भी नौकरी चली गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नौकरी छूटने और लगातार असफलताओं के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। पूछताछ के दौरान उसने ट्रेन में हुई दोनों हत्याओं की बात भी कबूल कर ली।
क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया और जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कई राज्यों की पुलिस के लिए बना था सिरदर्द
लगातार 3 सनसनीखेज हत्याओं के बाद आरोपी कई राज्यों की पुलिस एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। ट्रेन और अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थानों पर की गई वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड, मानसिक स्थिति और हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी है।









