पंजाब में राजनीति और उद्योग जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता पर कार्रवाई हुई है। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) ने उनके ट्राइडेंट ग्रुप के धौला स्थित औद्योगिक परिसर पर अचानक छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, PPCB की टीम बिना पूर्व सूचना के फैक्ट्री पहुंची और करीब दो घंटे तक प्लांट व संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। इस कार्रवाई में लगभग 10 अधिकारियों की टीम शामिल थी, जो 3-4 वाहनों में मौके पर पहुंची। छापे की खबर से औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ राजनीतिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब राजिंदर गुप्ता हाल ही में AAP छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। वे उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने पार्टी बदली है, जिसके बाद पंजाब की राजनीति में लगातार तनाव देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि ट्राइडेंट ग्रुप पंजाब के प्रमुख औद्योगिक घरानों में गिना जाता है, जिसकी टेक्सटाइल, पेपर और केमिकल सेक्टर में मजबूत पकड़ है। ऐसे में इस छापेमारी को लेकर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
फिलहाल PPCB की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा फैक्ट्री संचालन से जुड़े पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के पीछे के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।








