पंजाब को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने नीदरलैंड्स में निवेश को बढ़ावा देने, आर्थिक सहयोग को मजबूत करने और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए कई अहम कदम उठाए।
नीदरलैंड्स-इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड ट्रेड की चेयरपर्सन एडिथ नॉर्डमैन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब अब पारंपरिक कृषि आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर वैल्यू एडेड मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात-आधारित विकास की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से फूड प्रोसेसिंग, एग्री-बेस्ड इंडस्ट्री और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश की संभावनाओं को उजागर करते हुए डच कंपनियों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने एनआईसीसीटी से आग्रह किया कि वह दोनों क्षेत्रों के उद्योगों को जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों का आदान-प्रदान बढ़ाए।
हेग में आयोजित निवेश रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब की औद्योगिक ताकत, बेहतर बुनियादी ढांचे और निवेशक-अनुकूल नीतियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि राज्य में कुशल मानव संसाधन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रगतिशील नीतियां निवेशकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार की नई औद्योगिक और व्यापार विकास नीति 2026 देश की सबसे प्रतिस्पर्धी नीतियों में से एक है, जो उद्योगों को तेज मंजूरी और आसान प्रक्रियाओं के जरिए लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने “फास्ट ट्रैक पंजाब पोर्टल” का भी जिक्र किया, जो सिंगल विंडो सिस्टम के तहत निवेशकों को समयबद्ध स्वीकृतियां प्रदान करता है।
इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री ने पंजाब और नीदरलैंड्स के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को संदेश देते हुए कहा—“पंजाब आइए, निवेश कीजिए और विकास की नई ऊंचाइयों को छुएं।”
इस दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रवासी पंजाबियों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने विदेशों में बसे भारतीय और पंजाबी समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी पंजाबियों का योगदान राज्य के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में बेहद अहम है। उन्होंने प्रवासी समुदाय को पंजाब के विकास में भागीदार बनने का न्योता भी दिया।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर सुधारवादी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब अब वैश्विक निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद और उभरता हुआ गंतव्य बन चुका है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत कुमार तुहिन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।










