जालंधर से प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, विभाग में एक साथ 13 अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। खास बात यह है कि इनमें कुछ अधिकारी ऐसे भी शामिल हैं जो करीब एक साल पहले ही यहां तैनात हुए थे और अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही अन्य राज्यों में भेज दिए गए।
आमतौर पर ED में सीमित संख्या में तबादले होते हैं, लेकिन एक साथ इतने बड़े स्तर पर फेरबदल ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नए अधिकारियों की नियुक्ति के बाद मौजूदा मामलों की जांच की गति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि नई टीम को मामलों की पूरी जानकारी लेने में समय लगेगा।
फिलहाल इस बड़े बदलाव के पीछे के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।








