चंडीगढ़/नई दिल्ली: पंजाब पुलिस को चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ ‘कमल भाभी’ हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को विदेश से डिपोर्ट कर भारत लाया गया, जहां उसे 10 अप्रैल 2026 की तड़के सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार था और मिडिल ईस्ट में छिपकर रह रहा था। पुलिस की विशेष इकाई ओएफटीईसी (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर उसकी लोकेशन ट्रेस की और प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की।
गौरतलब है कि 11 जून 2025 को अमृतपाल सिंह मेहरों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कंचन कुमारी का अपहरण कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कार में डालकर आदेश अस्पताल की पार्किंग में छोड़ दिया था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी घटना के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था। अब कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है।
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।









