पंजाब के जालंधर सहित कई जिलों में शनिवार रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अचानक दहशत का माहौल बन गया। रात करीब 9:45 बजे आए इन झटकों के दौरान कई लोगों ने जमीन में हलचल महसूस की और एहतियात के तौर पर तुरंत घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि भूकंप के झटके ज्यादा देर तक नहीं रहे और इसकी तीव्रता भी मध्यम स्तर की रही, लेकिन अचानक आए इस कंपन ने लोगों को कुछ समय के लिए डरा जरूर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई है।
जानकारी के मुताबिक, केवल पंजाब ही नहीं बल्कि दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भूकंप के झटके महसूस किए गए। कई इलाकों से लोगों ने कंपन महसूस होने की पुष्टि की है।
राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।









