
बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह का नया गाना ‘टटीहरी’ रिलीज होने के बाद विवादों में घिर गया है। गाने में कथित रूप से अश्लील शब्दों और हरियाणवी संस्कृति को गलत तरीके से पेश करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा पुलिस ने पंचकूला में FIR दर्ज कर ली है, जिसके बाद सिंगर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पंचकूला पुलिस ने बादशाह की गिरफ्तारी के लिए टीमें भी गठित कर दी हैं, जबकि पुलिस की ओर से गायक के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करने की तैयारी भी की जा रही है ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
म्यूजिक वीडियो पर लगाया गया बैन
पंचकूला पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गाने के म्यूजिक वीडियो पर बैन लगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर वीडियो को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में 6 मार्च 2026 को एफआईआर नंबर 28 दर्ज की गई। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और महिलाओं के अश्लील प्रतिनिधित्व (प्रतिषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत दर्ज किया गया है।
हरियाणा महिला आयोग ने भेजा नोटिस
गाने को लेकर बढ़ते विवाद के बीच हरियाणा महिला आयोग ने भी सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने सिंगर बादशाह को 13 मार्च को पेश होने के लिए तलब किया है।
आयोग के पास गाने को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि गाने के शब्द और वीडियो महिलाओं की गरिमा के खिलाफ हैं।
गाने में लगाए गए गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि 1 मार्च को रिलीज हुए इस गाने में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है और वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य दिखाए गए हैं जिन्हें लेकर आपत्ति जताई जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने में हरियाणा के सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहने लड़कियों को किताबें फेंकते हुए दिखाया गया है, जो शिक्षा और समाज के लिए गलत संदेश देता है। इसके अलावा गाने पर हरियाणवी संस्कृति को गलत तरीके से पेश करने का भी आरोप लगाया गया है।
दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज
इस विवाद को लेकर अब तक दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।
-
पहली शिकायत पानीपत की सविता आर्या ने हरियाणा महिला आयोग के पास दर्ज कराई है।
-
दूसरी शिकायत रोहतक के वकील राज नारायण भंगाल ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पास दर्ज करवाई है।
वकील का कहना है कि इस तरह के गाने समाज में गलत संदेश देते हैं और बच्चों पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
यूट्यूब पर 20 लाख से अधिक बार देखा गया गाना
विवादों के बावजूद यह गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है। रिलीज होने के बाद यूट्यूब पर इसे 20 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है। इस गाने में कैथल की रहने वाली सिमरन जगलान भी नजर आ रही हैं।
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अब पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और आगे की कार्रवाई की तैयारी में हैं।









