
मशहूर रैपर बादशाह का नया गाना ‘Tateeree’ रिलीज होते ही विवादों के घेरे में आ गया है। गाने के बोल और वीडियो में दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। इस मामले में महिला आयोग और बाल अधिकार संरक्षण आयोग में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
यह गाना 1 मार्च को रिलीज हुआ था और कुछ ही दिनों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अब तक इस गाने को 20 लाख से अधिक बार सुना जा चुका है। हरियाणा के कैथल की रहने वाली सिमरन जगलान भी इस गाने के वीडियो में दिखाई दे रही हैं।
गाने के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज हुई हैं। पहली शिकायत पानीपत की सविता आर्या ने हरियाणा महिला आयोग में दी है, जबकि दूसरी शिकायत रोहतक के वकील राज नारायण भंगाल ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाने में अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है और वीडियो में सरकारी स्कूल की यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को किताबें और बैग फेंकते हुए दिखाया गया है, जो समाज और छात्रों के लिए गलत संदेश देता है।
उनका कहना है कि इस तरह के गाने हरियाणवी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही इससे बच्चों और युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।









