पंजाब के गुरदासपुर में एक ज्वैलर के घर में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। हथियारबंद लुटेरों ने परिवार को बंदूक की नोक पर बंधक बनाकर करीब 3 करोड़ रुपये के गहने और नकदी लूट लिए और फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना ज्वैलर वरुण महाजन के घर हुई। उनकी पत्नी नेहा महाजन ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे कुछ लोग उनके घर पहुंचे। उस समय घर का ड्राइवर बाहर गाड़ियों की सफाई कर रहा था। लुटेरों ने पहले ड्राइवर से बात की और फिर उसे बहाने से अंदर बुलाकर घर में घुस गए।
घर में दाखिल होते ही लुटेरों ने नेहा महाजन के सिर पर पिस्तौल तान दी और पूरे परिवार को एक जगह इकट्ठा कर लिया। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों को अलग-अलग कमरों में बंद कर दिया गया। ड्राइवर को एक कमरे में, नेहा महाजन और उनके दो बच्चों को दूसरे कमरे में और वरुण महाजन को अलग कमरे में बंद कर दिया गया।
लुटेरों ने घर की सभी चाबियां अपने कब्जे में ले लीं और बच्चों को जान से मारने की धमकी देते हुए अलमारियों से सोना और नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी घर के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए और परिवार की कार में फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार करीब पांच हथियारबंद बदमाश इस वारदात में शामिल थे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।












