लुधियाना के लक्ष्मी नगर में फाइनेंसर के ऑफिस में लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलने से 21 वर्षीय पंकज की मौत। परिजनों के बयान पर पांच युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज।
लुधियाना के लक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। फाइनेंसर के दफ्तर में लाइसेंसी पिस्तौल से गोली चलने से 21 वर्षीय युवक पंकज की मौत हो गई। पंकज उसी दफ्तर में कर्मचारी के रूप में काम करता था।
जानकारी के अनुसार फाइनेंसर अपनी पिस्तौल दराज में रखकर बाहर गया था। पीछे से दफ्तर में मौजूद दो कर्मचारियों ने पिस्तौल निकाल ली। हंसी-मजाक के दौरान एक युवक ने दूसरे की गर्दन पर पिस्तौल रखकर ट्रिगर दबा दिया। गोली गर्दन के पिछले हिस्से से आरपार हो गई।
गंभीर हालत में पंकज को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों ने इसे हत्या बताया। थाना हैबोवाल पुलिस ने मृतक के पिता मनोज के बयान पर पांच युवकों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्तौल, खाली खोल और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।








