मोगा जिले में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। PEPSU Road Transport Corporation (पीआरटीसी) की एक बस को बीच सड़क पर रोककर हथियारबंद युवकों ने एक यात्री से नकदी लूट ली। घटना के समय बस में कई सवारियां मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार बस मोगा से अपने रूट पर जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवक अचानक सामने आ गए और बस रुकवा ली। इसके बाद उन्होंने एक युवक को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावरों ने पहले युवक से मारपीट की और फिर उसके पास मौजूद पैसे छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के दौरान बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री घबरा गए। कुछ लोग सीटों के पीछे छिप गए, जबकि कुछ बस से नीचे उतरने की कोशिश करने लगे। यात्रियों का कहना है कि घटना के करीब एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी।
इलाके के लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर चिंता जताई है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।









