शहर के व्यस्त इलाके भगत सिंह चौक के पास नगर कीर्तन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिस कर्मियों और एक युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बहस के बाद युवक की एक्टिवा जब्त कर 14,500 रुपये का चालान काट दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर कीर्तन के कारण इलाके में भारी भीड़ थी। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगी हुई थी। इसी दौरान एक ट्रैफिक कर्मी और न्यूट्री कुलचा की रेहड़ी लगाने वाले दुकानदार के बीच रेहड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हो गई।
मौके पर मौजूद तरुण नामक युवक ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। उसने दोनों पक्षों से शांत रहने को कहा। तरुण का आरोप है कि इसके बाद ट्रैफिक कर्मी ने उससे उसकी एक्टिवा के कागजात मांगे। युवक ने बताया कि कागज घर पर हैं और वह 15 मिनट में दिखा देगा।
तरुण का कहना है कि इसके बावजूद उसकी एक्टिवा जब्त कर ली गई और 14,500 रुपये का चालान काट दिया गया। वाहन को बांड कर दिया गया। युवक ने कहा कि उसने कोई बदतमीजी नहीं की, केवल कागज उस समय साथ नहीं थे।









