पंजाब के तरनतारन जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब सरेआम गोली मारकर मौजूदा सरपंच की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गांव ठठियां महंतां के 45 वर्षीय हरभिंदर सिंह पुत्र इकबाल सिंह के रूप में हुई है। वह आम आदमी पार्टी से जुड़े थे और वर्तमान में सरपंच पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, हरभिंदर सिंह अपने ही गांव के निवासी सेवक सिंह के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान वह स्टेज पर अपने रिश्तेदारों और साथियों के साथ नृत्य कर रहे थे। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से हरभिंदर सिंह के पेट और सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस गोलीबारी में उनका एक अन्य साथी भी घायल हुआ है, जिसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना सरहाली की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तरनतारन के एसएसपी सुरिंदर लांबा भी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी है।









