
जीरकपुर में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जीरकपुर–पंचकूला रोड पर स्थित एक होटल में पुलिस ने छापा मारकर देह व्यापार के घिनौने धंधे का पर्दाफाश किया। इस दौरान पुलिस ने होटल से 7 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि होटल मैनेजर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ASP गजलप्रीत कौर ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से होटल में देह व्यापार चलने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पूरी योजना बनाकर कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान होटल से कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस ने बताया कि होटल मालिक की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ASP ने कहा कि देह व्यापार के खिलाफ जीरकपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अब तक पुलिस करीब 65 युवतियों को इस अवैध धंधे से मुक्त करा चुकी है।
उन्होंने बताया कि लगातार छापेमारी से इस धंधे में शामिल लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने होटल और गेस्ट हाउस पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध गतिविधि सामने आते ही तुरंत कार्रवाई की जा रही है। जिस इमारत में गैर-कानूनी गतिविधि चल रही थी, उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही होटल के दस्तावेज और लेन-देन की भी जांच हो रही है।
ASP ने यह भी बताया कि जीरकपुर के VIP रोड पर स्थित दो स्पा सेंटरों में भी छापेमारी की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले संचालक फरार हो गए, लेकिन दोनों स्पा सेंटरों को सील कर दिया गया है। पुलिस ने साफ किया कि देह व्यापार के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







