
पंजाब के गुरदासपुर जिले में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। घटना बबरी बाईपास चौक के पास की है, जहां पुलिस चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश कर रही थी।
SSP अदित्य ने बताया कि पुलिस को पहले से सूचना थी कि कुछ संदिग्ध तत्व आज किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी को लेकर इलाके में विशेष नाकाबंदी की गई थी। तभी एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो उसने भागने की कोशिश की और फिर पुलिस पर गोली चला दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर काबू किया गया और सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान राहुल निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राहुल ही बाटा चौक स्थित एक शोरूम पर फायरिंग की घटना में भी शामिल था। पुलिस अब उसके बाकी साथियों की तलाश में जुट गई है।









