
चेन्नई: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक गंभीर ड्रग्स मामला सामने आया है। एंटी नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट साउथ की टीम ने अभिनेत्री अंजू कृष्णा और एक असिस्टेंट डायरेक्टर समेत कुल आठ लोगों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चेन्नई के वलसरवक्कम इलाके में की गई।
टीओआई सिटी की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ड्रग्स की सप्लाई से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हैं। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और एक नकली ग्राहक के जरिए सौदा तय कराया। जैसे ही संदिग्ध कार वलसरवक्कम पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने मेथामफेटामाइन, ओजी गांजा, भांग, एक एलएसडी स्टांप और नौ मोबाइल फोन बरामद किए। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
अंजू कृष्णा ने तमिल और मलयालम फिल्मों में काम किया है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि मामला केवल नशे के सेवन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सप्लाई नेटवर्क भी हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स की आपूर्ति से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।








