
पंजाब में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत अमृतसर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान से संचालित अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस ऑपरेशन में एक नाबालिग सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पुलिस ने सीमा पार से जुड़े हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कई विदेशी हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों से 5 विदेशी पिस्तौल बरामद हुई हैं, जिनमें ग्लॉक 9mm, PX5 .30 बोर, टॉरस 9mm, ग्रेटा 9mm (मेड इन पाकिस्तान) और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा 34 जिंदा कारतूस और एक तेजधार हथियार भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे हथियार तस्करों के संपर्क में थे। वहीं से हथियार मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किए जा रहे थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर हथियार तस्करी की इस चेन को पूरी तरह तोड़ा जा सके।









