पंजाब में अपराध के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता मिली है। बठिंडा पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में दो आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जैकी कुमार उर्फ जैकी और विकास अरोड़ा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी बठिंडा के एक कारोबारी को निशाना बनाकर लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस की समय पर कार्रवाई से एक बड़ी वारदात टल गई। अधिकारियों के अनुसार, बरामद हथियार दिल्ली से लाए गए थे और इसके पीछे जुड़े नेटवर्क की भी जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी विकास अरोड़ा का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी घरेलू हिंसा के मामले में शामिल रह चुका है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी .32 बोर पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







