
वैलेंटाइन डे नज़दीक आते ही ऑनलाइन ठगी के मामलों में तेज़ी देखी जा रही है। इस दौरान ठग प्यार, गिफ्ट और सरप्राइज़ का झांसा देकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। भावनात्मक माहौल में लोग जल्दी भरोसा कर लेते हैं, जिसका फायदा उठाकर ठग उनकी जमा पूंजी पर हाथ साफ कर देते हैं।
सबसे आम तरीका रोमांस स्कैम का है। यह ठगी अक्सर डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया से शुरू होती है। ठग कुछ ही दिनों में प्यार जताने लगते हैं, लेकिन मिलने या वीडियो कॉल से बचते रहते हैं। बाद में मेडिकल इमरजेंसी, बिज़नेस में नुकसान या पैसों की ज़रूरत बताकर मदद मांगते हैं। एक बार पैसे भेजने के बाद मांग बढ़ती जाती है या ठग अचानक संपर्क खत्म कर देता है। विशेषज्ञों का कहना है कि जिसे आप असल ज़िंदगी में नहीं जानते, उसे कभी पैसे या गिफ्ट कार्ड नहीं भेजने चाहिए।
वैलेंटाइन वीक में फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स भी सक्रिय हो जाती हैं। ये साइट्स गहने, परफ्यूम, चॉकलेट और घड़ियां भारी छूट पर बेचने का दावा करती हैं। ऑर्डर करने के बाद या तो सामान नहीं पहुंचता, या नकली और घटिया प्रोडक्ट भेज दिया जाता है। खरीदारी से पहले वेबसाइट के रिव्यू, संपर्क विवरण और रिटर्न पॉलिसी ज़रूर जांचनी चाहिए।
इसके अलावा, फर्जी गिफ्ट मैसेज और ई-मेल भी लोगों को फंसाने का नया तरीका बन रहे हैं। इनमें गिफ्ट भेजे जाने का दावा कर लिंक पर क्लिक करने या डिलीवरी फीस भरने को कहा जाता है। ऐसा करते ही निजी और बैंक से जुड़ी जानकारी चोरी हो सकती है। अगर आपने कोई ऑर्डर नहीं किया है, तो ऐसे मैसेज से दूर रहें।









