
प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी यात्रा लगातार 8वें दिन भी स्थगित है। भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं के चलते श्री वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को अगले आदेश तक बंद रखा है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों जैसे एशिया चौक, बलिनी पुल और दर्शनी ड्योड़ी में स्थित 80 से ज्यादा दुकानें और छोटे होटल खाली करवाए गए हैं। हाल ही में अर्द्धकुंवारी मंदिर के पास हुए भूस्खलन में 34 लोगों की मौत के बाद सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं।
पूर्व में इस यात्रा मार्ग का प्रबंधन बरिदर सेवा समिति करती थी। समिति के पूर्व अध्यक्ष शेर सिंह बरिदराम के मुताबिक, सामान्य दिनों में जहां कटरा में लगभग 30 हजार श्रद्धालु रहते थे, वहीं अब पिछले सात दिन से पूरा क्षेत्र वीरान पड़ा है।
श्राइन बोर्ड ने बताया कि 18 किलोमीटर लंबे मार्ग की मुरम्मत तेजी से जारी है। यात्रा की बहाली केवल मुरम्मत और सुरक्षा इंतजाम पूरे होने के बाद ही की जाएगी। वहीं जिन श्रद्धालुओं की हेलिकॉप्टर सेवा, रोपवे और होटल की बुकिंग थी, उन्हें पूरी राशि वापस की जा रही है।









