
पंजाब के तरनतारन जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां फोकल प्वाइंट के पास स्थित फाइव स्टार इमिग्रेशन सेंटर पर दो अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने देर शाम फायरिंग की। हालांकि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। हमला फिरौती न देने की वजह से किया गया बताया जा रहा है।
50 लाख की फिरौती मांगने के बाद हुई फायरिंग
जानकारी के अनुसार, सेंटर के मालिक परमिंदर सिंह, निवासी गांव भरौवाल, ने कुछ महीने पहले पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक विदेशी नंबर से उन्हें कॉल कर गैंगस्टर जैसल चंबल का भाई बताने वाले व्यक्ति ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी को लिखित शिकायत भी दी थी।
नकाबपोश बाइक सवारों ने की 2 राउंड फायरिंग
बीते दिन शाम को दो नकाबपोश बाइक सवार इमिग्रेशन सेंटर के बाहर पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास के लोगों से मालिक के अंदर होने की जानकारी ली और फिर दूसरी मंज़िल पर बने सेंटर को निशाना बनाते हुए लगातार दो राउंड फायर किए। हमले के समय सेंटर और पास के आइलैट संस्थान में कई छात्र मौजूद थे जो बाल-बाल बच गए।
फायरिंग के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो चुकी है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ा दी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच तेज
थाना सिटी तरनतारन के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच पहले से सीआईए स्टाफ कर रहा था। अब थाना सिटी में औपचारिक मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और फिरौती मांगने वाले नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।








