जिले के गांव रोगला में गांव के ही युवक-युवती के विवाह को लेकर विवाद गहरा गया है। जानकारी के अनुसार, गांव के एक युवक ने अपने ही गांव की युवती से शादी की थी। बताया जा रहा है कि इस विवाह से आहत युवती के माता-पिता की मौत हो गई, जिसके बाद मामला और संवेदनशील हो गया।
घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में फैसला लिया गया कि उक्त दंपती को गांव से बाहर रखा जाएगा और उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत ने प्रशासन से भी इस पूरे मामले पर ध्यान देने की मांग की है।
पंचायत सदस्यों का कहना है कि करीब तीन महीने पहले गांव में प्रस्ताव पारित कर गांव के लड़के-लड़कियों की आपसी शादी पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद जोड़े ने नियमों का उल्लंघन कर विवाह किया। पंचायत का दावा है कि पहले ही चेतावनी दी गई थी कि शादी करने पर गांव छोड़ना होगा। पंचायत के इस फैसले को लेकर गांव और आसपास के इलाकों में चर्चा तेज है।









