पंजाब में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, इस बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। राज्य के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है, जिससे खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली, गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं 7 और 8 अप्रैल को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान पंजाब के अधिकांश जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।










