
पंजाब में बसंत के मौसम के बीच मौसम ने करवट ली है। Punjab State Disaster Management Authority (SDMA) ने राज्य के कई जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
SDMA की चेतावनी के मुताबिक यह मौसम अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मोगा, मलेरकोटला, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर, शहीद भगत सिंह नगर, एसएएस नगर और तरनतारन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर देखने को मिल सकता है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। जरूरत न हो तो यात्रा टाल दें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।








