पंजाब में आज कैबिनेट मंत्रियों के महकमों में बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में बदलाव करते हुए हाल ही में लुधियाना उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने वाले संजीव अरोड़ा को नया बिजली मंत्री नियुक्त किया है।
संजीव अरोड़ा पहले से ही उद्योग मंत्री का कार्यभार संभाल रहे हैं। अब उन्हें बिजली विभाग की भी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इससे उनका राजनीतिक कद और मजबूत हो गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले बिजली विभाग की जिम्मेदारी हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के पास थी। उनके पास दो विभाग – बिजली और पी.डब्ल्यू.डी. – थे। लेकिन अब बिजली विभाग उनसे लेकर संजीव अरोड़ा को सौंप दिया गया है। इसके बाद हरभजन सिंह ई.टी.ओ. केवल पी.डब्ल्यू.डी. विभाग संभालेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लुधियाना उपचुनाव में मिली जीत ने संजीव अरोड़ा की स्थिति को और मज़बूत किया है, जिसके चलते उन्हें सरकार में अहम जिम्मेदारी दी गई है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग की चुनौतियों को वह किस तरह संभालते हैं।