
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पंजाब सरकार ने राज्य का बजट पेश करते हुए महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर का भी बयान सामने आया।
डॉ. गुरप्रीत कौर ने कहा कि महिला दिवस के दिन बजट पेश किया जाना बेहद ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादा किया था, उसे पूरा करते हुए महिलाओं के अधिकारों को ध्यान में रखकर बजट पेश किया गया है। उन्होंने पूरी कैबिनेट और सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि माताओं और बहनों को उम्मीद थी कि सरकार अपना वादा जरूर निभाएगी।
सरकार ने बजट में “मुख्यमंत्री मावां-धियां सत्कार योजना” की घोषणा की है। इस योजना के तहत राज्य की सभी वयस्क महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि अनुसूचित जाति (SC) की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।
सरकार के अनुसार यह योजना देश ही नहीं बल्कि दुनिया की पहली सार्वभौमिक कैश ट्रांसफर योजना मानी जा रही है। पंजाब में 18 वर्ष से अधिक उम्र की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना के तहत पात्र होंगी। हालांकि मौजूदा या पूर्व सरकारी कर्मचारी, सांसद-विधायक और आयकर देने वाले लोग इस योजना के दायरे से बाहर रहेंगे।
सरकार का कहना है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, परिवार के फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना और उनके स्वास्थ्य व पोषण स्तर में सुधार लाना है।








