
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पौंग डैम का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 1394.47 फीट तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अधिकारियों ने डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने का फैसला लिया है। इस कदम से ब्यास दरिया के किनारे बसे पंजाब के कई गांवों में फिर से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
अतिरिक्त पानी छोड़ा गया
BBMB प्रबंधकों ने पत्र जारी कर बताया कि डैम की सुरक्षा के लिए जलस्तर कम करना जरूरी हो गया था। इसके चलते आज पौंग डैम से टर्बाइनों और स्पिलवे गेटों के माध्यम से कुल 99,985 क्यूसेक पानी शाह नहर बैराज में छोड़ा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज शाम 7 बजे तक पौंग डैम झील में पानी की आवक 1,07,517 क्यूसेक नोट की गई। शाह नहर बैराज से 88,485 क्यूसेक पानी ब्यास दरिया में और 11,500 क्यूसेक पानी मुकेरियां हायडल नहर में छोड़ा जा रहा है।
पंजाब में बढ़ा बाढ़ का खतरा
डैम से छोड़े गए इस अतिरिक्त पानी का असर ब्यास नदी किनारे बसे पंजाब के गांवों पर पड़ेगा। प्रशासन ने लोगों को अलर्ट रहने की अपील की है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।







