
दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। इसी कड़ी में पंजाब के सीमावर्ती जिलों, विशेषकर पठानकोट, में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पठानकोट की स्थिति बेहद संवेदनशील है क्योंकि यहां एक ओर भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा है और दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर की सीमा लगती है। इस रणनीतिक महत्व के चलते जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पठानकोट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और जिला पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों के सामान, पहचान पत्र और टिकटों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा बलों ने स्टेशन के अंदर, प्लेटफ़ॉर्म पर और ट्रेनों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
जीआरपी के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि “रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दें।”
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, खुफिया एजेंसियां दिल्ली धमाके के तार सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े होने की संभावना को भी खारिज नहीं कर रही हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षाबलों की गश्त बढ़ा दी गई है।








