
पठानकोट के सीमावर्ती क्षेत्र बमियाल से सटे ऐरमां गांव में तीन संदिग्ध व्यक्तियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। देर रात गांव की एक महिला ने घर के आंगन में आहट सुनने के बाद सेना की वर्दी जैसे कपड़े पहने तीन लोगों को आपस में बातचीत करते देखा। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद बमियाल और नरोट जैमल सिंह क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त जांच अभियान शुरू कर दिया है। बॉर्डर पार से आने-जाने वालों की सख्ती से जांच की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस ने बमियाल की ओर पैदल आ रहे 35 वर्षीय दर्शन कुमार राणा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुद को अहमदाबाद का पर्यटक बताया। उसके पास भारतीय पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और नौकरी से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। प्रारंभिक जांच में वह मानसिक रूप से स्वस्थ पाया गया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां उसके मूवमेंट की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कठुआ जिले के गांवों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल पूरे सीमावर्ती इलाके में हाई अलर्ट जारी है।








