NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में बढ़ते विरोध प्रदर्शनों के बीच चंडीगढ़ पुलिस हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। संभावित प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए शहर के सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय और सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खुफिया इनपुट मिले थे कि पंजाब के कुछ युवा दोनों भाजपा कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
डीएसपी से लेकर कांस्टेबल तक तैनात
सुरक्षा व्यवस्था के तहत डीएसपी स्तर के अधिकारियों से लेकर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। दोनों भाजपा कार्यालयों के बाहर सड़कों के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि किसी भी अचानक प्रदर्शन या भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
CTU बसें भी रखी गईं स्टैंडबाय
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सीटीयू (CTU) की बसों को भी स्टैंडबाय पर रखा है। जरूरत पड़ने पर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तुरंत मौके से हटाने की तैयारी की गई है। पुलिस टीमों को दोनों भाजपा कार्यालयों के आसपास हर गतिविधि पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हुआ था आमना-सामना
गौरतलब है कि बुधवार को NEET विवाद को लेकर चंडीगढ़ में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे, जबकि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता NEET पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया था। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।












