पंजाब के कुराली में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार विरोध करते हुए काले झंडे दिखाए। यह प्रदर्शन खरड़ विधायक अनमोल गगन मान, पंजाब यूथ विंग के कार्यकारी प्रधान परमिंदर सिंह गोल्डी और मोहाली जिला प्रधान प्रभजोत कौर के नेतृत्व में किया गया।
प्रदर्शन के दौरान AAP नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उसे “दोहरी राजनीति” करने वाली पार्टी बताया। पंजाब यूथ विंग के कार्यकारी प्रधान परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि भाजपा हरियाणा में पानी के मुद्दे पर अलग बयान देती है और पंजाब में आकर अलग रुख अपनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह “गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली राजनीति” है, जिसे पंजाब के लोग अच्छी तरह समझ चुके हैं।
गोल्डी ने आगे कहा कि भाजपा खुद को विकास का मॉडल बताती है और गुजरात मॉडल की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। उन्होंने किसानों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देशभर के किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और बड़े आंदोलन के बाद कृषि कानूनों को वापस लेना पड़ा।
वहीं, मोहाली जिला प्रधान प्रभजोत कौर ने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पंजाब का ग्रामीण विकास फंड (RDF) रोक रखा है और बाढ़ राहत के लिए घोषित 1600 करोड़ रुपये अब तक जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बाढ़ से पंजाब को करीब 20,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
प्रभजोत कौर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जो सरकार मुश्किल समय में राज्य का साथ नहीं देती, वह कभी प्रदेश का भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि पंजाब के जागरूक नागरिक ही राज्य के भविष्य का सही निर्णय लेंगे।
इस मौके पर हलका संगठन इंचार्ज नवदीप सैनी, विकास मोहन, ट्रेड विंग जिला अध्यक्ष तरलोचन सिंह, किसान विंग जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह बलियाली, प्रदेश महासचिव संजीव चौधरी और महिला नेता स्वर्ण लता शर्मा सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










