
1 मार्च 2026 से आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालने वाले चार बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ी है, मैसेजिंग ऐप्स के लिए नया नियम लागू हुआ है, रेलवे का पुराना टिकटिंग ऐप बंद कर दिया गया है और हवाई यात्रा महंगी होने के संकेत मिल रहे हैं। आइए जानते हैं क्या-क्या बदला है।
1. कमर्शियल गैस सिलेंडर 31 रुपये तक महंगा
19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर आज से 31 रुपये तक महंगा हो गया है। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कोलकाता में दर्ज की गई है, जहां अब सिलेंडर की कीमत 1875.50 रुपये हो गई है।
दिल्ली में इसकी कीमत 28 रुपये बढ़कर 1768.50 रुपये पहुंच गई है। पहले यही सिलेंडर 1740.50 रुपये में मिल रहा था।
इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो सकती हैं।
2. WhatsApp अब बिना एक्टिव सिम के नहीं चलेगा
सरकार ने मैसेजिंग ऐप्स के लिए सिम-बाइंडिंग नियम लागू कर दिया है। अब WhatsApp, Telegram और Signal जैसे ऐप्स तभी काम करेंगे, जब जिस नंबर से अकाउंट बना है वह सिम फोन में एक्टिव होगा।
यदि कोई यूजर सिम निकाल देता है, तो ऐप अपने आप लॉगआउट हो जाएगा। कंप्यूटर पर लॉगिन करने पर भी अब छह घंटे के भीतर ऑटो लॉगआउट हो जाएगा। पहले एक बार लॉगिन करने के बाद हफ्तों तक अकाउंट चलता रहता था।
इस कदम का मकसद साइबर फ्रॉड को रोकना है, क्योंकि कई ठग सिम हटाकर सिर्फ Wi-Fi के जरिए धोखाधड़ी करते थे।
3. रेलवे का UTS ऐप बंद, अब ‘RailOne’ से होगी टिकट बुकिंग
Indian Railways ने अपना पुराना अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम UTS ऐप बंद कर दिया है। अब यात्रियों को जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल ट्रेन टिकट के लिए ‘RailOne’ ऐप का इस्तेमाल करना होगा।
RailOne जुलाई 2025 में लॉन्च हुआ था। जिन यात्रियों के UTS ऐप के R-Wallet में पैसे हैं, उनके फंड सुरक्षित रहेंगे।
हालांकि शर्त यह है कि नया RailOne ऐप उसी मोबाइल नंबर से रजिस्टर करना होगा, जिससे पहले UTS ऐप रजिस्टर था। नंबर वही होने पर बैलेंस अपने आप नई ऐप में दिख जाएगा।
RailOne ऐप में 3% छूट, ट्रेन की लाइव लोकेशन, फूड ऑर्डर, कुली बुकिंग और टैक्सी बुकिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
4. ATF महंगा, हवाई किराए बढ़ने की संभावना
तेल कंपनियों ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमत करीब 5,500 रुपये प्रति किलोलीटर तक बढ़ा दी है। चेन्नई में ATF की कीमत 94,781.99 रुपये से बढ़कर 1,00,280 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है।
ईंधन महंगा होने से आने वाले दिनों में हवाई किराए बढ़ सकते हैं। यात्रियों को टिकट बुकिंग से पहले नए किराए की जांच करने की सलाह दी जा रही है।








