
जम्मू कश्मीर की वादियों में स्थित माँ वैष्णो देवी दरबार के रास्ते से बड़ी खबर सामने आ रही है जहां पर आज़ भूस्खलन होने से दो महिला तीर्थयात्रियों की मौत हो गई जबकि पांच वर्ष की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं पंजाब और उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद हिमकोटि मार्ग पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी गई, लेकिन त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर की तीर्थयात्रा पारंपरिक सांझीछत मार्ग से जारी रही।
अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन करीब सवा दो बजे भवन से तीन किलोमीटर पहले पंछी के पास हुआ। उन्होंने बताया कि इसमें मार्ग के ऊपर बनाया गया लोहे के ढांचे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर की ओर जा रहे तीर्थयात्री भूस्खलन के बाद लोहे के ढांचे के नीचे फंस गए। अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण पत्थर गिरने से हुआ।








