लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से पुरानी लग्जरी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति से टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार बेचने के नाम पर 11 लाख रुपये लेने के बाद आरोपियों ने न तो वाहन के असली दस्तावेज सौंपे और न ही रकम वापस की। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बाबू मोहिब मलिक ने शिकायत दी कि राजेश कुमार और परमदीप सिंह लोते ने उन्हें टोयोटा इनोवा क्रिस्टा (PB-18W-7600) बेचने का सौदा 13 लाख रुपये में तय किया था। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ित ने 11 लाख रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के जरिए अदा कर दिए तथा कार अपने कब्जे में ले ली।
दस्तावेज मांगने पर बदल गए आरोपियों के तेवर
शिकायत के मुताबिक, भुगतान के बाद जब पीड़ित ने वाहन की आरसी और अन्य जरूरी दस्तावेज अपने नाम ट्रांसफर कराने की बात कही तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगे। कई बार संपर्क करने के बावजूद न तो कागजात दिए गए और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला।
6 लाख का दिया फर्जी चेक, जांच में खुली पोल
पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने 6 लाख रुपये का एक चेक सौंप दिया। लेकिन जब चेक की बैंक से जांच करवाई गई तो पता चला कि वह चेक आरोपियों के खाते का नहीं था। इतना ही नहीं, वह किसी अन्य महिला के नाम से जुड़े खाते का था, जो पहले ही बंद हो चुका था। इससे स्पष्ट हो गया कि पीड़ित को सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
प्राथमिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार तो नहीं बनाया।










