
दुनिया भर में बने तनावपूर्ण हालातों के बीच एलपीजी गैस की संभावित कमी और कालाबाजारी को रोकने के लिए लुधियाना जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने घरेलू गैस की सुचारु और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक विशेष कमेटी का गठन किया है।
यह कमेटी एडीशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) लुधियाना की अध्यक्षता में काम करेगी। इसमें एसीए ग्लाडा, नगर निगम लुधियाना के ज्वाइंट कमिश्नर, एसीपी हेडक्वार्टर, जिला एक्साइज एवं टैक्सेशन कमिश्नर और जिला फूड सप्लाई कंट्रोलर (पूर्वी व पश्चिमी) को सदस्य बनाया गया है। वहीं जिला फूड सप्लाई कंट्रोलर को कमेटी का कन्वीनर नियुक्त किया गया है।
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि यह कमेटी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध स्टोरेज और कृत्रिम कमी पैदा करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखेगी। इसके लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान जारी रहेगा।
डीसी ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर और कार्यालय के संपर्क नंबर हमेशा चालू रहने चाहिए, ताकि लोगों में किसी प्रकार की घबराहट या भ्रम की स्थिति न बने।
इसके अलावा एजेंसियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से गैस बुकिंग स्वीकार करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी हिमांशु जैन ने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाता है या कालाबाजारी में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








