
लुधियाना के गिल रोड इलाके में शनिवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें 16 टायर वाले ट्राले के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा प्रो लाइफ हॉस्पिटल के नजदीक उस समय हुआ, जब ट्राला सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर और ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों के संपर्क में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। हाईटेंशन तार ट्राले से टकराते ही पूरे वाहन में तेज करंट फैल गया। कुछ ही पलों में ट्राले में आग लग गई और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही ड्राइवर ने केबिन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। जैसे ही वह नीचे उतरा, ट्राले और जमीन के बीच बने करंट प्रवाह की चपेट में आ गया। तेज करंट के कारण वह संभल नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान हरविंदर सिंह, निवासी होशियारपुर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 25 वर्षों से ड्राइविंग के पेशे से जुड़ा हुआ था और वर्तमान में एक निजी लॉजिस्टिक्स कंपनी में काम करता था। हरविंदर अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर प्रो लाइफ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।








