पाकिस्तान के कराची शहर का लियारी इलाका एक बार फिर हिंसा की खबरों से दहल उठा। शुक्रवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने कुख्यात गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो राहगीर भी गोली लगने से जख्मी हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुराने गैंगवार के लौटने की आशंकाएं तेज हो गई हैं।
घर के बाहर बैठे थे, तभी हुआ हमला
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 40 वर्षीय जुबैर बलोच लियारी के सिंगु लेन स्थित अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। गोलीबारी में जुबैर के अलावा वहां से गुजर रहे दो राहगीर भी घायल हो गए।
घायलों को तत्काल कराची के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जुबैर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके सीने और पेट में कई गोलियां लगी हैं तथा डॉक्टरों की टीम उसका ऑपरेशन कर रही है। घायल राहगीरों में से एक की हालत भी नाजुक बताई गई है।
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
साउथ ज़ोन के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) सैयद असद रज़ा ने बताया कि हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में गैंगवार, पुरानी आपराधिक रंजिश और निजी दुश्मनी समेत कई संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में सात आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2025 में वह जेल से रिहा हुआ था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मौजूदा हमला उसके पुराने आपराधिक विवादों से जुड़ा है या किसी नई रंजिश का परिणाम है।
स्थानीय लोगों में बढ़ी दहशत
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि जुबैर बलोच कुछ महीने पहले एक राजनीतिक दल से जुड़ा था और उसने इलाके में पार्टी के झंडे भी लगाए थे। वहीं, लियारी में यह चर्चा भी तेज है कि कराची ऑपरेशन के बाद दुबई और ईरान चले गए कुछ गैंगस्टर हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रम के बाद दोबारा लौट आए हैं।
हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इलाके के कई लोगों को डर है कि लियारी में एक बार फिर पुराने दौर जैसी गैंग हिंसा सिर उठा सकती है।
चेहरा ढककर आए थे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। गोलीबारी के दौरान पास के एक दुकानदार ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।












