
जालंधर शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के स्पष्ट निर्देशों के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में जालंधर पुलिस को एक गंभीर मामले में अहम सफलता मिली है।
पिछले दिनों बस्ती दानिश मदा इलाके में रेखा नामक महिला के घर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को सरवन उर्फ सुभा लाहोरिया ने अंजाम दिया था। एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल, एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया और थाना 5 के प्रभारी यादविंदर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी से पहले कई स्थानों पर छापेमारी की गई और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर उसकी तलाश की गई। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने दोहराया कि शहर में किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी। वहीं एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।








