
जालंधर शहर से ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां दो युवक स्कैनर से ऑनलाइन पेमेंट करने का झांसा देकर मोबाइल दुकान से एयरपॉड्स लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शहर के अमन नगर इलाके की है। यहां वैभव कोहली नामक दुकानदार “ब्रदर मोबाइल प्वाइंट नेट कैफे” के नाम से दुकान चलाते हैं। पीड़ित दुकानदार के अनुसार वीरवार शाम वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनकी दुकान पर आए और एयरपॉड्स दिखाने को कहा।
दुकानदार ने उन्हें एयरपॉड्स दिखाए। इसी दौरान एक युवक दुकान के बाहर चला गया, जबकि दूसरा युवक एयरपॉड्स देखने लगा। कुछ देर बाद उसने कहा कि वह ऑनलाइन पेमेंट करेगा और इसके लिए दुकानदार से स्कैनर मांग लिया।
जैसे ही दुकानदार ने स्कैनर दिया, युवक ने पेमेंट करने का नाटक किया और तुरंत दुकान से बाहर निकलकर अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। उस समय दुकान पर अन्य ग्राहक भी मौजूद थे, इसलिए दुकानदार तुरंत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन चेक नहीं कर पाया।
बाद में जब वैभव कोहली ने भुगतान की पुष्टि की तो पता चला कि कोई भी पेमेंट नहीं हुई थी और युवक एयरपॉड्स लेकर फरार हो चुके थे।
बताया जा रहा है कि आरोपियों को दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी थी, इसलिए उन्होंने अपना चेहरा नीचे झुकाकर रखा ताकि पहचान न हो सके।
दुकानदार ने मामले की शिकायत थाना नंबर 8 की पुलिस को दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।








