
जालंधर के संतोखपुरा इलाके में सरकारी डॉक्टर के घर के बाहर फायरिंग करने की सनसनीखेज वारदात में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल भी बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान जगजीत सिंह पुत्र जसजीत सिंह निवासी जंडियाला गुरु, अमृतसर और लवप्रीत पुत्र कुलवंत सिंह निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने किसी के इशारे पर इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, इस साजिश के पीछे किसका हाथ है, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही होगा।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि डीसीपी मनप्रीत ढिल्लो की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने तकनीकी इनपुट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया। देर रात अमृतसर में छापेमारी कर दोनों को काबू कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और इस मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे हो सकते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात का संबंध किसी पुरानी रंजिश या फिर किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो सके।









