
पंजाब के Jalandhar जिले के ग्रामीण क्षेत्र खांबड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मनप्रीत के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति करण को हिरासत में लेकर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मनप्रीत गांव की एक कोठी में काम करती थी और अपने पति के साथ उसी मकान मालिक के घर में रह रही थी। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो आसपास के लोगों को शक हुआ। जब कमरे का दरवाजा खोलकर देखा गया तो मनप्रीत मृत अवस्था में मिली।
मृतका के ससुर रूप लाल ने बताया कि उनका बेटा और बहू लंबे समय से नशे के आदी थे, जिस कारण दोनों को परिवार से अलग रहना पड़ रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर किसी स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए पति पर शक जताया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद गांव में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।








