पंजाब के जालंधर जिले के जमशेर इलाके से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस और एक वांछित शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। जानकारी के मुताबिक, फगवाड़ा स्थित सुधीर स्वीट्स पर हाल ही में हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी कुलबंत सिंह उर्फ गोपा पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी कुलबंत सिंह गोपा जालंधर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद सीआईए स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका पीछा शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस से घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हुई क्रॉस फायरिंग में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे बाद में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि फगवाड़ा के सुधीर स्वीट्स पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल आरोपी सोनू खत्री गैंग से भी जुड़ा हुआ है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।









