
जालंधर के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने आज यानि रविवार को ‘सहयोग’ प्रोजेक्ट लांच किया है। यह पुलिस पब्लिक पार्टनरशिप इनिशिएटिव है। जालंधर के एम.जी.एन. स्कूल में पुलिस कमिश्नर ने इस प्रोग्राम की शुरूआत की है। इस दौरान शहर की अलग-अलग सोसायटी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर ने उनसे सुझाव लिए।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इसका लक्ष्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है, जिसके लिए लोगों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मूल उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय और संवाद सुनिश्चित करना है। श्री स्वपन शर्मा ने कहा कि इस मुहिम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू लोगों से अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त करना है। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अधिक से अधिक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर और इसके निवासियों को दरपेश अधिकतर समस्याओं का समाधान समय की जरूरत है।
इसे लेकर पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने कहा कि जालंधर में ‘सहयोग’ मिशन 4 हफ्ते तक चलेगा। इस दौरान लोगों को पुलिस और पुलिस द्वारा दी जाने वाली सेवाओं के बारे में जागरुक करवाया जाएगा। पुलिस व लोगों के बीच के गैप को भी दूर करने की कोशिश की जाएगी।








