
होशियारपुर-टांडा रोड पर स्थित फुलकारी पैलेस में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब पैलेस के वेटरों और वहां तैनात बाउंसरों के बीच जबरदस्त हंगामा और मारपीट हो गई। इस हिंसक झड़प में दो बाउंसरों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि एक महिला बाउंसर भी घायल बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए सुरक्षा सेवा के संचालक प्रशांत भल्ला ने बताया कि उनकी टीम विवाह समारोह में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थी, जिसमें 6 पुरुष और 4 महिला कर्मचारी शामिल थे। आरोप है कि शराब के नशे में धुत कुछ वेटरों ने महिला स्टाफ पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और कथित तौर पर उनके साथ छेड़छाड़ की। जब बाउंसरों ने इसका विरोध किया, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी समारोह समाप्त होने के बाद जब सुरक्षा कर्मी वहां से लौट रहे थे, तो पैलेस के बाहर पहले से मौजूद करीब 15 से अधिक लोगों ने उन पर लाठियों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान बाउंसरों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। इतना ही नहीं, एक महिला कर्मचारी के गले से सोने की चेन छीने जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








