
पंजाब के गुरदासपुर जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डेरा बाबा नानक क्षेत्र के गांव शाहपुर जाजन में दिनदहाड़े सरपंच के भाई पर अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सरपंच नवदीप सिंह के भाई सुखराज सिंह उर्फ काका पड्डा किसी निजी काम से अपने गांव पड्डा से शाहपुर जाजन जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे और उन्होंने करीब 6 से 7 राउंड फायरिंग की। इस हमले में सुखराज को दो गोलियां लगीं—एक हाथ में और दूसरी कमर में, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायल सुखराज सिंह को तुरंत फतेहगढ़ चूड़ियां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे अमृतसर के श्री गुरु नानक देव अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस वारदात के बाद एक गैंगस्टर जोरा और उसके भाई मिंटू जोरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि सुखराज उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बटाला के SSP डॉ. मेहताब सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









